व्यापारियों ने नगरपालिका परिसर में किया प्रदर्शन
शहर में गंदगी और जगह-जगह ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर पश्चिमी उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने शुक्रवार को नगरपालिका परिसर में प्रदर्शन किया। बाद में अधिशासी अधिकारी के नाम ज्ञापन देकर समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की। संगठन से जुड़े व्यापारी जिलाध्यक्ष विमल गुप्ता और नगर अध्यक्ष रजत खन्ना के संयुक्त नेतृत्व में पालिका कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करके नाराजगी का इजहार किया। अधिशासी अधिकारी मुनेंद्र सिंह राठौर के मौजूद न होने पर पदाधिकारियों ने उनके स्टेनो आदित्य मिश्रा को ज्ञापन दिया। इस बात पर नाराजगी जताई कि भीषण गर्मी में बीमारियों की आशंका बढ़ने के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन में सभी प्रमुख नालों की तलीझाड़ सफाई किसी अनुभवी ठेकेदार से कराए जाने, नाले-नालियों के किनारे चूना छिड़काव के साथ गली-मोहल्लोें में फॉगिंग कराने, विभिन्न स्थानों पर सुलभ शौचालयों की व्यवस्था कराने, जाम की समस्या का निस्तारण कराने के लिए प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण साफ कराए जाने आदि मांगों का उल्लेख है। प्रदर्शन में राहुल गुप्ता, दीपक तिवारी, डिंपल सक्सेना, हेमेंद्र वर्मा, सईद खां, यासीन अहमद वारसी आदि शामिल रहे।
रमजान से पहले सफाई कराने की मांग
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं का शिष्टमंडल पूर्व शहर अध्यक्ष तसलीम लगारी के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह से मिला। उन्होंने डीएम के नाम ज्ञापन देकर रमजान शुरू होने से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि शहर गंदगी से पटा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नाले-नालियां कीचड़ से पटी हैं। गर्मी बढ़ने के साथ शहर की पेयजल व्यवस्था भी लचर हो गई है। ऊपर से बिजली कटौती अभी से इतना परेशान कर रही है। रमजान में रोजेदारों की सुविधा को देखते इन सारी समस्याओं का निस्तारण निस्तारण जल्द किया जाए। ज्ञापन देने वालों में कयूम हसन, नफीस खां, लाला खां, शाहिद अंसारी आदि शामिल रहे।