खुटार में मेडिकल स्टोर पर जांच करती डीआई। संवाद
खुटार। औषधि निरीक्षक ने खुटार के लक्ष्मी मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। औषधि निरीक्षक शालिनी मित्रा के अनुसार दो साल से मेडिकल स्टोर के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया था।
शुक्रवार को डीआई खुटार कस्बे में चूड़ा वाली गली में संचालित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं। मेडिकल स्टोर स्वामी पारस मिश्रा से मेडिकल स्टोर का लाइसेंस मांगा गया तो वह नहीं दिखा सके। जांच करने पर पता चला कि मेडिकल स्टोर स्वामी ने दो वर्ष से लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है।
इसके बाद डीआई ने मेडिकल स्टोर सील करा दिया। मेडिकल स्टोर में रखी लगभग दो लाख रुपये की दवाओं को भी जब्त कर लिया। डीआई ने बताया कि मेडिकल स्टोर के स्वामी के खिलाफ औषधि नियंत्रण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।