राजकीय मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण करती उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी की टीम। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में शीघ्र ही पांच पैरामेडिकल कोर्स शुरू किए जाएंगे। इस आशय से उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी की टीम ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने भवन एवं स्टाफ के संबंध में भी जानकारी ली।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में डिप्लोमा इन एनेस्थीजिया एंड क्रिटिकल केयर टेक्निशियन, डिप्लोमा इन इमरजेंसी एंड ट्रामा केयर टेक्नीशियन, डिप्लोमा इन ओटी टेक्निशियन, डिप्लोमा इन डायलिसिस टेक्निशियन, डिप्लोमा इन ऑर्थोपीडिक्स एंड प्लास्टर टेक्निशियन के पांच नवीन पैरामेडिकल कोर्स शुरू करने हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार और पैरामेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विशाल प्रकाश गिरी की ओर से यह प्रस्ताव भेजा गया था।
शनिवार को उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी की टीम में शामिल डॉ. दिनेश कौशल वरिष्ठ आचार्य एनएसथीसिया, डॉ. शैलेंद्र वरिष्ठ आर्थोपीडिक सर्जन केजीएमयू ने नवीन पाठ्यक्रमों को संचालित करने के संबंध में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डीन डॉ. विशाल प्रकाश गिरी से स्टाफ व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि नवीन पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की मंजूरी अति शीघ्र मिल सकती है। इस दौरान एमएस डॉ. एमपी गंगवार, डॉ. एसके ध्रुव, डॉ. पूजा त्रिपाठी पांडेय, राकेश चंद्रा, अभय, संजय, साकिब मौजूद रहे।