बुधवार सुबह शहर में छाया कोहरा। संवाद
शाहजहांपुर। पिछले तीन सालों में बुधवार को दिसंबर का अधिकतम तापमान निचले स्तर पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 13.8 डिग्री रह गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच सिर्फ 2.7 डिग्री का अंतर रहा। दिन में भी कोहरा छाया रहा। धूप नहीं निकलने से लोगों की कंपकंपी छूट गई।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को कोहरे की दृश्यता 50 मीटर रही। पछुआ हवा चलने और दिन में धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान काफी कम रहा। अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। इससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि शाम को पूर्वी हवा चलने लगी है। वायुदाब छह मिलीबार बढ़ा हुआ है। बृहस्पतिवार को घना कोहरा रहने के साथ तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
तीन वर्षों का अधिकतम तापमान
वर्ष तापमान डिग्री सेल्सियस में
2022 13.6
2023 14.5
2024 14.8
कोहरा से आवागमन में हुई दिक्कत
कोहरा के कारण दृश्यता कम होने से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। वाहन रेंगते हुए नजर आए। इसका असर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक रहा। सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव तापते नजर आए। शाम होते-होते शहर सड़कों पर वाहनों का आवागमन कम हो गया। सर्दी के असर से लोगों घर से निकलने में परहेज किया।
दो दिन तक घना कोहरा छाए रहने का रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने अगले दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें अगले दो दिन तक घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। घने कोहरे में सावधानी बरतने की अपील की गई है। वाहनों की रफ्तार धीमी रखने की सलाह दी गई है।