शाहजहांपुर। टूरिस्ट वीजा पर मॉरिशस से आए नागरिक का ट्रेन से बैग चोरी हो गया। विदेशी नागरिक ने ट्रेन के स्टाफ पर ही चोरी का संदेह व्यक्त किया है। लखनऊ में तहरीर दिए जाने के बाद शाहजहांपुर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मॉरिशस के रॉयल रोड, पेटिट रैफ्रे निवासी 41 वर्षीय जयप्रकाश बुशगोपाल ने लखनऊ के चारबाग जीआरपी स्टेशन में तहरीर देकर बताया कि वह टूरिस्ट वीजा पर भारत आए हैं। उनके पास एक भूरे रंग का बैग और एक सूटकेस था। बैग में पासपोर्ट, पांच सौ यूरो, दस हजार मॉरिशस मुद्रा, अन्य कागजात व सामान था। वह चार दिसंबर को दून एक्सप्रेस से दिल्ली से बनारस जा रहे थे। वह एसी कोच के लोअर बर्थ में थे। रात करीब दो बजे मेंटीनेंस विभाग के तीन लोग उनके पास आए और तापमान चेक कर लगे। वह नींद में थे और वे लोग बार-बार वहां आते रहे। सुबह 05:30 बजे उन्होंने देखा कि उनका बैग लापता था। उस वक्त ट्रेन शाहजहांपुर स्टेशन पर थी। चारबाग स्टेशन से तहरीर आने पर शाहजहांपुर जीआरपी रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। वहीं, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से बनारस से नई दिल्ली जा रहीं प्रतापगढ़ के बेल्हा घाट, सदर निवासी बबिता देवी ने तिलहर स्टेशन के पास मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।