शाहजहांपुर। आयुष हत्याकांड में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आ रहे हैं। घटना से कुछ देर पहले हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व जिलाध्यक्ष स्वप्निल शर्मा अपने दोस्तों के साथ कैंट स्थित एक दुकान पर बाइक से पहुंचा था। इसके बाद वह बाइक पर बैठकर चला गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है, लेकिन अभी तक उनको गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
दो दिसंबर की दोपहर करीब तीन बजे आयुष गुप्ता की ओसीएफ रामलीला मैदान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। हालांकि इनकी पुष्टि पुलिस नहीं कर रही है। एक फुटेज में आरोपी स्वप्निल शर्मा अपने साथियों के साथ कैंट स्थित दुकान पर बाइक से पहुंचता नजर आ रहा है। यह फुटेज घटना से थोड़ी देर पहले की बताई जा रही है। दुकान पर कुछ देर रुकने के बाद स्वप्निल साथियों के साथ बाइक से निकल जाता है। इससे पहले कचहरी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर आरोपी ने बाइक में पेट्रोल डलवाया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर कई युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ रही है। पुलिस के मुताबिक तीन टीमों को गठित करके आरोपियोें की तलाश में दूसरे जनपदों में भेजा गया है। 13 नामजद में से सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में तीन टीमें दूसरे जनपद में तलाश कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- पंकज पंत, सीओ सिटी