जलालाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बृहस्पतिवार को क्षेत्र के 99 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। नगर के काकोरी शहीद इंटर काॅलेज के मैदान पर आयोजित होने वाले समारोह के लिए बुधवार को सुबह से तैयारियां चलती रहीं।
विवाह करने वाले नव युगलों को पहचान पत्र वितरित करने का कार्य शाम तक पूरा कर लिया गया। एडीओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि जलालाबाद ब्लाॅक से 44, कलान से 14, मिर्जापुर ब्लाॅक से 29 और शेष 12 जोड़े नगर पालिका जलालाबाद सहित कलान व अल्हागंज नगर पंचायत क्षेत्र के शामिल होंगे। कार्यक्रम में वर-वधू पक्ष के रिश्तेदारों समेत एक हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। बुधवार को काॅलेज के मैदान पर साफ-सफाई, टेंट लगाने और कारीगरों द्वारा खाना तैयार करने का काम चलता रहा। इस बीच एसडीएम उत्सव आनंद, बीडीओ रवि कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी तैयारियां रात तक पूरी कर लेने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिहाज से प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया। संवाद