शिवचरन का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
सेहरामऊ दक्षिणी। हरदोई के थाना शाहबाद के मोहल्ला गढ़ी चांद निवासी 55 वर्षीय राजमिस्त्री शिवचरन की बाइक में ट्रक की टक्कर लग गई। हादसे में गिरने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली कुचलती हुई निकल गई।
शिवचरन बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे शाहजहांपुर में अंटा चौराहा के पास दाना शाह मियां की दरगाह पर जाने के लिए निकले थे। लखनऊ-पलिया नेशनल हाईवे पर गांव सूरतपुर के पास सुबह करीब सात बजे वह पहुंचे तभी ट्रक से बाइक में हल्की सी टक्कर लगने से गिर गए। इस बीच पीछे से आई ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया शिवचरन के सिर से निकल गया। वह हेलमेट लगाए थे।
वहीं, चालक ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गए। शिवचरन की मौत के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सड़क से हटाकर यातायात को शुरू कराया। ट्रैक्टर-ट्रॉली किसी भट्ठे संचालक की बताई जा रही है। सूचना पर मृतक की पत्नी मुन्नी देवी, पुत्री रिंकी देवी, मीना, ऊषा और बेटा सोनपाल व मोनू का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।