शाहजहांपुर। सीबीएसई ने पुनर्मूल्यांकन का परिणाम रविवार की रात को जारी कर दिया। पुनर्मूल्यांकन में दून इंटरनेशनल स्कूल की 12वीं की छात्रा श्रेया पाठक के 16 अंक बढ़ गए हैं। इसी के साथ 98.2 प्रतिशत अंक होने पर वह जिला टॉपर बन गईं हैं। जबकि मई में जारी परीक्षा परिणाम में तक्षशिला पब्लिक स्कूल के नवांश कुमार ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया था।
कृभको नगर के रहने वाले उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य आनंद पाठक व शिक्षिका मुक्ता पाठक की बेटी श्रेया पाठक ने 13 मई को जारी परीक्षा परिणाम में 95 प्रतिशत अंक पाए थे। वह जिले की टॉप-थ्री की सूची तक में जगह नहीं बना पाईं थी। श्रेया के अनुसार, उनके पांच सौ में 475 अंक आए थे, जिससे संतुष्ट नहीं थीं। उन्हें अंग्रेजी में सौ अंकों में 86 व रसायन विज्ञान में 94 अंक मिले थे। जिस पर उन्हें संदेह था। नंबर कम आने पर श्रेया ने टॉप-टेन की सूची में आने के बावजूद जश्न तक नहीं मनाया था।
श्रेया ने बताया कि 13 मई को परिणाम घोषित होने के बाद 19 मई को पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। प्रत्येक विषय के लिए 100 रुपये शुल्क जमा किया और अंग्रेजी व रसायन विज्ञान विषय में पुनर्मूल्यांकन कराया।
बताया कि डीजीलॉकर और ई-मेल के माध्यम से उत्तर पुस्तिका मिलने पर देखा कि कई प्रश्नों के सही उत्तर होने के बावजूद अंक नहीं दिए गए थे। इसके बाद उसने 23 प्रश्नों को लेकर दावा प्रस्तुत किया। तर्क समेत कुल साढ़े 16 अंकों का दावा किया, जिसमें से 16 अंक बढ़ा दिए गए।
श्रेया ने सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन और अभ्यास को दिया। बताया कि वह दिन में चार से पांच घंटे पढ़ाई करती थी। उसके बाद रात में भी पढ़ती थी। रोजाना 100 से 200 प्रश्नों का अभ्यास करती थी। श्रेया के अनुसार, वह डॉक्टर बनना चाहती है।
लगभग 200 विद्यार्थियों ने कराया पुनर्मूल्यांकन
सीबीएसई का परीक्षा परिणाम आने के बाद श्रेया के अलावा लगभग दो सौ छात्र-छात्राओं ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। दावा पेश करने पर अधिकतर के अंकों में इजाफा हुआ है।
-
सीबीएसई के पुनर्मूल्यांकन के विकल्प में जिले के कई छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। पुनर्मूल्यांकन में बहुत से विद्यार्थियों के अंकों में बढ़ोतरी हुई है। अंकों के बढ़ने की वजह से मेधावियों के अंकों के स्तर में बदलाव आया है।
- राजीव मोहन पांडेय, सिटी कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई
पुनर्मूल्यांकन के बाद श्रेया पाठक ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परिणाम विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है।
-शमा जैदी, प्रधानाचार्य, दून इंटरनेशनल स्कूल