शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले में चालू माह के तहत दूसरे चरण में राशन की वस्तुओं का मुफ्त वितरण मंगलवार से शुरू हो गया। हालांकि, तमाम दुकानों पर गेहूं चावल और चीनी का नया स्टॉक नहीं पहुंचने से वहां वितरण कार्य ठप रहा। प्रदेश के खाद्य एवं रसद आयुक्त के आदेशानुसार जिले के 5.76 लाख कार्डधारकों को मंगलवार से दूसरे चरण में मुफ्त खाद्यान का वितरण शुरू होना था।
इनमें शामिल अंत्योदय श्रेणी के 37841 कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो गेहूं-चावल के साथ प्रति कार्ड एक किलो की दर से तीन माह के लिए तीन किलो चीनी का एकमुश्त वितरण भी कराया जाना था। चूंकि, पहले चरण की तरह इस बार भी खाद्यान आपूर्ति करने वाली संस्था नैफेड जिले की अधिकांश उचित दर दुकानों पर सोमवार तक गेहूं-चावल और चीनी नहीं भेज सकी। इसलिए पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी इन वस्तुओं का वितरण सभी दुकानों पर नहीं हो सका।
विभागीय पोर्टल पर सुबह दस बजे तक जनपद में सिर्फ 28 ऐसी दुकानें दिखीं, जहां दूसरे चरण के खाद्यान्न और चीनी खेप का सत्यापन होना पाया गया। हालांकि, दोपहर बाद तक इन दुकानों की संख्या बढ़कर 150 हो गई, जहां लोगों को दूसरे चरण का मुफ्त राशन बांटा गया, लेकिन बाकी दुकानों पर ताले झूलते रहे। शहर में ककरा कलां, मदराखेल, गोविंदगंज, तारीन टिकली, रंगीन चौपाल, जियाखेल आदि कई मोहल्लों के तमाम कार्डधारक मुफ्त राशन मिलने की उम्मीद लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से उन्हें मायूस लौटना पड़ा।
वितरण के लिए कोटेदारों को विभागीय गोदाम से गेहूं-चावल के साथ चीनी का उठान भी कराया जा रहा है, लेकिन अभी कई विकास खंडों की तमाम दुकानों को आवंटित होने वाला खाद्यान्न और चीनी प्राप्त नहीं हुई है। इसके लिए विभागीय पर्यवेक्षकों और पूर्ति निरीक्षकों से लगातार रिपोर्ट मांगी जा रही है।
इसलिए विभाग के पोर्टल पर हर आधा घंटे के अंतराल पर ऐसी दुकानों की संख्या बढ़ती रही, जहां दूसरे चरण में वितरण को राशन की खेप पहुंच रही है। बुधवार शाम तक सभी दुकानों पर चीनी और खाद्यान्न पहुंच जाएगा। -ओमहरि उपाध्याय, जिला आपूर्ति अधिकारी