पुवायां। सेना भर्ती के लिए फर्जी कागजात तैयार करने वाले गिरोह से जुड़े सुरेश सोम को पुलिस 12 घंटे के रिमांड पर लेकर बंडा पहुंची। इसके बाद किराये के कमरे सहित कई स्थानों पर ले जाकर सबूत एकत्र किए। सीओ, एसओजी और कई सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी से पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई व अन्य देश विरोधी संगठनों से संबंधों को लेकर पूछताछ की।
बंडा पुलिस और एसओजी टीम ने फर्जी कागजों के जरिये सेना में भर्ती कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर आरोपी परमवीर सिंह, उसके पिता हुकुम सिंह, मुकेश कुमार और बंडा थाने में तैनात सिपाही मनवीर सिंह को जेल भेजा था। मीरानपुर कटरा थाने में तैनात सिपाही मूलचंद भी फर्जी कागज बनवाने वाले सुरेश सोम के गैंग से जुड़ा था। गिरफ्तार लोगों ने पूछताछ में बताया था कि सुरेश सोम ही सेना भर्ती में फर्जी कागजात तैयार कराता था। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में अर्जी दाखिल की थी। 18 नवंबर को कोर्ट ने पांचों आरोपियों की पूछताछ रिमांड दी थी। सीओ नवनीत कुमार नायक बरेली जाकर दो दिन तक आरोपियों से पूछताछ कर बयान दर्ज कर चुके हैं। मंगलवार को आरोपी सुरेश सोम को सुबह आठ से रात आठ बजे तक के रिमांड पर दिया गया था। एसओजी टीम बंडा लेकर पहुंची और जिस मकान में गिरोह के लोग किराए पर रहे थे वहां ले जाकर पूछताछ की। जिन मोहल्लों के फर्जी पते पर सेना में परमवीर और मुकेश के भाई ट्रेनिंग कर रहे हैं, वहां भी सुरेश सोम को लेकर सबूत एकत्र करने का काम किया गया। सुरेश सोम से खुफिया एजेंसियों सहित सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ की। पुलिस अधिकारी इस बारे में ज्यादा कुछ बताने से बच रहे हैं।
सुरेश सोम से पुलिस और कई सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ की है। अभी जांच चल रही है, जिस कारण ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है। जांच पूरी होने पर जानकारी दी जाएगी।
- नवनीत कुमार नायक, सीओ पुवायां