शाहजहांपुर। लूट और पुलिस मुठभेड़ के मुकदमे में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को कांट पुलिस और लखनऊ की एसटीफ ने देहरादून (उत्तराखंड) से गिरफ्तार कर लिया। न्यायिक प्रक्रिया के तहत उसे यहां लाने के बाद जेल भेज दिया गया।
दो अक्तूबर को तिलहर कस्बे के मोहल्ला मौजमपुर निवासी आरेंद्र कुमार लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरेंद्र के मुताबिक घटना वाले दिन वह निगोही से अपने घर तिलहर लौट रहे थे। तभी रास्ते में कबीर चक के पास उन्हें बदमाशों ने घर लिया और लूटपाट की। एसपी एस. आनंद ने एसपी सिटी संजय कुमार के निर्देश में टीम गठित कर घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान लूटपाट करने वालों में सुनील उर्फ टन्नू पुत्र विश्राम निवासी ग्राम चाहरपुर थाना मदनापुर का नाम प्रकाश में आया था। सुनील के खिलाफ 15 अगस्त को कांट थाने में पुलिस मुठभेड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कांट थाने के प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह को अभियुक्त सुनील उर्फ टन्नू के मोहल्ला हरवंश वाला निकट काली मंदिर के पास देहरादून में होने की सूचना मिली। उन्होंने लखनऊ एसटीएफ की मदद से रविवार शाम 5:30 देहरादून से सुनील उर्फ टन्नू को गिरफ्तार किया। उसके पास लूट 17800 रुपये बरामद हुआ। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत कांट थाने लाया गया। इसके बाद उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया।