निगोही। शराब की नशे में एक व्यक्ति ने लाठी-डंडों से पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने पति के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव पराझरसा निवासी रामबख्श झगड़ालू प्रवृत्ति का है। शराब पीकर मोहल्ले और परिवार वालों से वह अक्सर विवाद करता है। रविवार को उसने दोपहर एक बजे से शराब पीना शुरू किया और रात आठ बजे मोहल्ले वालों को गालियां देता रहा। इसके बाद रामबख्श अपने घर के अंदर गया और पत्नी सुनीता के साथ गाली-गलौज करने लगा। सुनीता ने विरोध किया तो रामबख्श ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गांव वालों ने बताया कि रात तक उसके घर से सुनीता के चीखने की आवाजें आती रहीं और रात करीब 12 बजे सुनीता की मौत हो गई। इसके बाद रामबख्श की मां शांता देवी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। निगोही थानाध्यक्ष इंद्रजीत भदौरिया पुलिस बल के साथ पराझरसा पहुंचे। इसी बीच सीओ सदर परमानंद पांडे भी पहुंच गए और मौका मुआयना किया। पुलिस ने रामबख्श की मां शांता देवी की तहरीर पर उसके खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। मृतका सुनीता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसओ ने बताया कि फिलहाल चोटों से ही सुनीता की मौत होना लग रहा है, पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी।
हत्यारोपी की मां ने तहरीर दी है, जिसके आधार पर रामबख्श के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका सुनीता के अंतिम संस्कार के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। - परमानंद पांडे, सीओ सदर