शाहजहांपुर। सदर थाना क्षेत्र में गोविंदगंज फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर बीच में बुधवार रात एक युवक का शव मिला। शव की स्थिति देखकर लग रहा है कि उसकी हत्या करने के बाद यहां लाकर डाला गया है। शव रेलवे ट्रैक के बीच में पड़े होने की वजह से ट्रेनें रोक दी गई। पोस्टमार्टम में उसकी मौत सिर में दाहिनी तरफ चोट आने की वजह से बताई गई है।
बुधवार रात करीब 2:30 बजे अप लाइन पर जा रही मालगाड़ी के चालक ने डाउन लाइन पर गोविंदगंज फाटक के पास रेलवे ट्रैक के बीच एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा तो वॉकी-टॉकी से पावर केबिन शाहजहांपुर को सूचना दी। वहां से कंट्रोल को बताया गया। शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की वजह से ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। मौके पर जीआरपी और सदर पुलिस पहुंची। काफी देर तक सीमा विवाद में मामला उलझा रहा। बाद में सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इस दौरान गरीब रथ शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 25 मिनट और बेगमपुरा तिलहर स्टेशन पर 20 मिनट और 15 मिनट दुरंतो बंथरा में खड़ी रही। मृतक के शरीर पर काली और लाल कलर की टी शर्ट थी।