शाहजहांपुर के निगोही कस्बे में रहने वाले किन्नर से युवक ने शादी का झांसा देकर 20 लाख रुपये ठग लिए हैं। वह सोशल मीडिया पर वीडियो कॉल कर साथ छोड़ने पर जान देने की धमकी देता था। किन्नर के रुपये वापस मांगने पर युवक ने किनारा कर लिया। पीड़ित किन्नर ने थाने में तहरीर दी है।
चार साल पहले किन्नर की निगोही थाना क्षेत्र के जिंदपुरा गांव के युवक से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हो गई थी। कुछ दिनों के बाद ही युवक ने बातों में फंसाकर उससे उगाही शुरू कर दी। किन्नर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि युवक ने शादी करने का प्रस्ताव रखा था। कहा था कि वह उसके बिना जीवित नहीं रह सकता है।
वीडियो कॉल पर देता था आत्महत्या करने की धमकी
शादी के बाद वह उसे बहुत दूर लेकर जाएगा। उसके इंकार करने पर जान देने की धमकी दी। आरोपी रोज ही वीडियो कॉल करता था, एक दिन उसने चाकू दिखाकर कहा कि उसके बिना मर जाऊंगा। शादी करने के बहाने आरोपी लगातार रुपये ऐंठता रहा। उसने फिर से रुपये मांगे तो किन्नर ने इंकार कर दिया।
तब युवक ने पूर्व में दिए 20 लाख रुपये भी देने से इंकार कर दिया। स्पष्ट कहा कि वह अब कोई मतलब रखना नहीं चाहता है। थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।