ददरौल (शाहजहांपुर)। सेहरामऊ दक्षिणी इलाके में शौच केे गईं ममेरी-फुफेरी बहन नदी में डूब गईं। एक को गांव के दस वर्षीय बच्चे ने बचा लिया, दूसरी का देर शाम तक कुछ पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दूसरी बच्ची की काफी तलाश की नहीं वह नहीं मिली।
फर्रुखाबाद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव कुटरी निवासी मुकेश परिवार सहित दिल्ली में रहकर काम करता है। रविवार सुबह वह पत्नी रामा देवी और बच्चों समेत अपनी ससुराल सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव भरगबा आए थे। दोपहर को मुकेश की छह वर्षीय पुत्री टीना अपनी ममेरी बहन क्रांति (7) के साथ गांव के 25 मीटर की दूरी पर नदी किनारे खेल रही थी। इसी दौरान टीना शौच के लिए किनारे पर गई, जो पैर फिसल जाने से नदी में जा गिरी। उसकी चीखे सुनकर बचाने के लिए ममेरी बहन क्रांति नदी में कूद गई, लेकिन पानी की गहराई ज्यादा होने से वह भी डूबने लगी। उन्हें डूबता देख मौके पर मौजूद गांव के 10 वर्षीय बालक पिंटू ने डंडे के सहारे से क्रांति को बचा लिया, लेकिन टीना पानी के अंदर समा गई। पता लगने पर परिजन और तमाम लोग नदी किनारे जुट गए। इसके बाद कुछ लोगों ने नदी में घुसकर टीना को तलाशना शुरू किया। इस बीच सूचना पर सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हलका दरोगा राजाराम ने गोताखोर बुलाकर बच्ची को तलाश कराया, लेकिन देर शाम तक पता नहीं चला।