ढाई घाट गंगा तट पर लगे रामनगरिया मेला में मकर संक्रांति पर आस्था का सैलाब उमड़ा। हजारों की की तादाद में भक्तों ने गंगा में डुबकी लगाकर दान-पुण्य किया। गंगा घाट दिन भर हर-हर गंगे के उद्घोष से गूंजता रहा। प्रात: ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुआ गंगा स्नान दिन भर चलता रहा। साधु- संतों ने धर्म ध्वजा के साथ घंटा-घडिय़ाल बजाते हुए मेले की परिक्रमा की। संतों के पंडालों मे कथा, भागवत, भजन, कीर्तन ,हवन, यज्ञ का आयोजन हुआ।
ढाई घाट गंगा तट पर लगने वाला रामनगरिया मेला एक महीने तक चलता है। मिनी कुंभ के नाम से पहचाने जाने वाले रामनगरिया मेला में मकर संक्रांति पर गंगा स्नान का काफी महत्व है। मेला में आस-पास के कई जिलों से साधु-संत और परिवार कल्पवास के लिए पहुंचते हैं। मकर संक्रांति पर मेला में काफी भीड़ रही। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने जमकर खरीददारी भी की। बच्चों ने खेल-तमाशे, झूला और चाट-पकौड़ी आदि का आनंद लिया। एसडीएम कलान विजयपाल सिंह, एसडीएम जलालाबाद वैभव शर्मा ने गंगा जल का आचमन करने के बाद मेला का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेला में हैंडपंप लगवाने और यातायात व्यवस्था के लिए मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश जिला पंचायत को दिए।