निगोही। चार मार्च को समर्थकों के साथ आखत डालने हमजापुर चौराहा स्थित होलिका स्थल पर जाते वक्त विधायक सलोना कुशवाहा के पति डॉ. राम सिंह कुशवाहा पर तमंचा तान देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गोविंद वर्मा को शनिवार की शाम तमंचा और कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
इस मामले में अजीजपुुर गांव के भाजपा समर्थक मुनेंद्र कुमार सिंह उर्फ कल्लू की तहरीर पर पुलिस ने गिरगिचा गांव के गोविंद वर्मा और आदित्य के अलावा एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। खास यह है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी गोविंद को पिछले दिनों पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर थाने से जमानत दे दी थी।
आज दोबारा उसे तमंचा और कारतूस सहित पकड़े जाने पर पुलिस ने उसे न्यायालय में हाजिर किया और वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जेल भेजे गए आरोपी को राघवपुर सिकंदरपुर के मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शेष दोनों आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। संवाद