अल्हागंज। ग्रामीणों की मांग पर जनपद की सीमा में महोलिया घाट मार्ग का एक किमी हिस्सा जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर 1.49 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत बनने वाले इस मार्ग का बृहस्पतिवार को नगर पंचायत की चेयरमैन शिवानी वर्मा ने शिलान्यास किया।
बरसात में मार्ग की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत मार्ग निर्माण की स्वीकृति मिलने और शिलान्यास होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। इस मौके पर चेयरमैन ने कहा कि मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि महोलिया घाट मार्ग के निर्माण कार्य को दो चरणों में पूरा कराया जाएगा। इससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलने के साथ लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।
चेयरमैन ने बताया कि महोलिया घाट मार्ग पर शाहजहांपुर जनपद की सीमा लगभग 1600 मीटर तक है। इसके बाद फर्रुखाबाद जनपद की सीमा शुरू हो जाती है। घाट तक मार्ग की कुल लंबाई लगभग 2.5 किमी है। वर्तमान में जनपद की सीमा में एक किमी तक मार्ग निर्माण कराया जाएगा। मार्ग के शेष शेष हिस्से के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन, फर्रुखाबाद प्रशासन और शासन स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान चेयरमैन के पति उदित गुप्ता, रमेश चंद्र अग्निहोत्री, ओमपाल शर्मा, राजेश कश्यप, हर्षित गुप्ता और तमाम वार्ड सदस्य मौजूद रहे।