शाहजहांपुर जिले का एक और युवा कलाकार अपनी मेहनत के बल पर छोटे से गांव से निकलकर माया नगरी मुंबई पहुंच गया है। जहां अपनी पहचान बनाने के लिए स्ट्रगल करने में जुटा है। आने वाले दिनों में बॉलीवुड के सुपर स्टार सलमान और साउथ के हीरो धनुष के साथ अभिनय करते नजर आने वाले हैं। इस युवा कलाकार का नाम महेश कुमार वर्मा है, जोकि बंडा ब्लॉक के गांव रामपुर हीरा के रहने वाले हैं।
बंडा के गांव रामपुर हीरा के रहने वाले महेश कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने साल 2006 में कोरोनेशन आर्ट्स थिएटर ज्वाइन किया था। वरिष्ठ रंगकर्मी जरीफ मालिक आनंद और दिलीप के साथ चार साल तक थिएटर में काम किया। इस बीच गोदान, त्रिशंकु, गज फुट इंच जैसे नाटकों में अभिनय किया। जीएफ कालेज से इंग्लिश में एमए करने के साथ में ताल डांस इंस्टीट्यूट से एक साल तक डांस सीखा। फिर 2010 से 2012 तक श्रीराम सेंटर परफोर्मिंग आर्ट नई दिल्ली से दो साल की प्रोफेशनल एक्टिंग की ट्रेनिंग ली।
श्रीराम सेंटर में ही ‘हेराफेरी’, ‘खूबसूरत बला, ‘हाफ मून’ के साथ कई नाटकों में अभिनय किया। श्रीराम सेंटर से पासआउट होने के बाद 2013 में मुंबई चले गए। जहां पर महेश ने ऐड, शॉर्ट फिल्म और कुछ टीवी सीरियल जैसे सिंहासन बत्तीसी, महाराणा प्रताप, अशोका में छोटे-छोटे रोल किए हैं। सात-आठ साल स्ट्रगल करने के बाद अब महेश को फिल्मी परदे पर काम करने का मौका मिला है। आने वाले दिनों में बॉलीवुड के स्टार सलमान खान के साथ और साउथ के स्टार धनुष के साथ दो बड़े प्रोजेक्ट्स में एक्टिंग करते हुए नजर आएंगे। महेश कुमार वर्मा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी फैमिली को दिया है, उनकी इस कामयाबी में उनके दोस्त और टीचर्स का बहुत बड़ा योगदान है।