बाहरी ठेकेदारों द्वारा हड़प लिए गए मानदेय का भुगतान न मिलने पर बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद संविदा कर्मचारियों ने इंदिरा नगर जाकर राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा से उनके आवास जाकर ज्ञापन दिया।
धरना स्थल पर अध्यक्षता कर रहे जोनल अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना और जिलाध्यक्ष मो. रफी ने इस पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की कि अधिकारियों की शह पर बाहरी ठेकेदारों से संविदा कर्मचारियों का आर्थिक और मानसिक शोषण कराया जा रहा है। गत वर्ष तत्कालीन अधीक्षण अभियंता ने बाहरी ठेकेदारों को कुछ सब स्टेशनों में संविदा कर्मचारी नियुक्त करने का ठेका दे दिया था। ये ठेकेदार संविदा स्टाफ का छह-छह माह का मानदेय हड़प कर भाग गया। जलालाबाद में संविदा कर्मचारी जवाहर की काम करते वक्त मौत हो गई, लेकिन ठेकेदार के स्तर से मृतक आश्रितों को कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई।
राज्यमंत्री वर्मा को पदाधिकारियों ने बाहरी ठेकेदार के अधीन काम नहीं करने का इरादा जताते हुए आग्रह किया। संविदा कर्मचारियों की मंडल स्तर पर गठित सहकारी संस्था को ही कर्मचारियों की आपूर्ति संबंधी निविदाएं जारी कराएं। धरना-प्रदर्शन में विजय कुमार, महेंद्र कुमार, सतीश चंद्र, राम सुमिरन, मनोज कुमार, राजपाल, छोटे लाल, अर्जुन, अनिल कुमार, प्रमोद वर्मा, साबिर खां, शैलेश श्रीवास्तव, कमलेश कुमार, मुनीश कुमार, सत्येंद्र कुमार, अख्तर अली, प्रताप बहादुर आदि रहे।