लायंस क्लब संगिनी चालू सत्र में समाजसेवा, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके लिए महिला सदस्यों ने भावी कार्ययोजना तैयार कर ली है। क्लब ने इसके लिए वर्ष 2015 को बालिका वर्ष घोषित किया है।
कोषाध्यक्ष पिंकी भागी के आवास पर क्लब की अध्यक्ष सुखप्रीत माटा ने बताया कि चूंकि उनका संगठन महिलाओं का है, इसलिए यह वर्ष बालिकाओं के लिए समर्पित किया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को पढ़ाने के लिए फीस, पाठ्य सामग्री, यूनिफार्म आदि की व्यवस्था करना, गरीब कन्याओं का विवाह कराना, पर्यावरण शुद्ध रखने के लिए पौध रोपित करना, ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में मेडिकल कैंप लगाना, विकलांगजनों की सहायता करना आदि प्रमुख कार्यक्रम उनकी योजना में सर्वसम्मति से शामिल किए गए हैं।
सचिव गुरमीत लांबा ने बताया कि उनके संगठन ने समाजसेवा के क्षेत्र मेें निरंतर प्रयास किए हैं, इसलिए इस वर्ष भी सभी के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों की आवश्यकताएं पूरी हो सकेें। कोषाध्यक्ष पिंकी भागी ने आभार जताया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष मीरा त्रिवेदी और नमिता त्रिवेदी भी मौजूद रहीं।