भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में कराए जा रहे विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के शुद्धिकरण कार्य की प्रगति जांचने के लिए सदर तहसील के सभागार में बृहस्पतिवार को नगर और ददरौल विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ तलब किए गए। एसडीएम एपी श्रीवास्तव ने बीएलओ के साथ विधानसभा वार बैठकें करके मतदाताओं के आधार नंबर जल्द प्राप्त करने के निर्देश दिए।
समीक्षा से पता चला कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे बूथ लेवल अधिकारियों की संख्या बेहद कम है, जिन्होंने 50 प्रतिशत अथवा इससे अधिक क्षेत्रीय मतदाताओं के आधार कार्ड नंबर हासिल किए हैं। अधिकांश बीएलओ बमुश्किल 20 फीसदी आधार नंबर जुटा पाए। उनके परफार्मेंस पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसडीएम श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में ढिलाई किसी भी दशा में सहन नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते निर्वाचन आयोग ने नई मतदाता सूचियों में मतदाताओं के नाम के साथ उनके आधार नंबर लिंक अप की योजना बनाई है। ऐसा होने पर एक ही मतदाता के दो जगह नाम, मृतक मतदाताओं के नाम या फिर मतदान में फर्जीवाड़ा जैसी गड़बड़ियां खत्म हो जाएंगी। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं के आधार नंबर लेने, जिन लोगों ने अभी आधार कार्ड नहीं बनवाए हैं, उन्हें इसके लिए प्रेरित करने और तहसील मुख्यालय पर साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।