कलान। नगर पंचायत के वार्ड संख्या पांच बालाजी नगर में शनिवार की शाम रात करीब सात बजे बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे पृथ्वीपुर निवासी लाइनमैन सुदेश करंट लगने से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से राजकीय मेडिकल काॅलेज भेजे जाने पर वहां से चिंताजनक हालत में बरेली रेफर किया गया है।
लाइनमैन सुदेश ने खंभे पर चढ़ने से पहले विद्युत उपकेंद्र पर फोन करके सब स्टेशन ऑपरेटर से तीन लाइनों का शटडाउन ले लिया था, लेकिन चौथी लाइन का शटडाउन नहीं मिल पाया। तीन लाइनों के केबल जोड़ने के बाद जैसे ही उन्हाेंने चौथी लाइन ठीक करने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ जाने से खंभे से नीचे गिरकर घायल और बेहोश हो गए।
मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मचारियों ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी पर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उन्हें बदायूं मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। घरवाले उन्हें बरेली ले गए हैं। विद्युत निगम के एसडीओ गौरव शर्मा का कहना है कि पृथ्वीपुर फीडर की 11 केवीए वाली नई लाइन पर चढ़ने से सुदेश को करंट लग गया। उन्होंने बताया कि इस लाइन का शटडाउन उनके स्तर से नहीं दिया गया। इसके बावजूद लाइनमैन उसी लाइन के खंभे पर चढ़ गया और इसी वजह से उसे करंट लग गया।