सेहरामऊ दक्षिणी। तेज आंधी और बारिश के कारण बादशाहनगर उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन में कई जगह फॉल्ट आने से 150 गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली जाने से लोग गर्मी में बेहाल हो उठे। यहां 20 घंटों के बाद भी बिजली नहीं मिल सकी।
बादशाहनगर विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति सोमवार की शाम करीब छह बजे ठप हुई। खराबी के कारण उपकेंद्र के सेहरामऊ दक्षिणी, कनेंग और कहिलिया फीडर से जुड़े करीब 150 गांवों में बिजली ठप हो गई। विद्युत निगम ने लाइन में आई खराबी ठीक कराने का काम मंगलवार सुबह से शुरू कराया, लेकिन शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम तेज आंधी से 33 केवीए की इनकमिंग लाइन कई जगह टूट गई, लाइन ठीक कराने का काम तेजी से कराया जा रहा है। जेई के अनुसार देर शाम तक सभी फीडर चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
खुदागंज में भी बिजली का संकट
खुदागंज। आंधी के साथ बारिश होने से सोमवार रात लगभग नौ बजे ठप हुई बिजली आपूर्ति मंगलवार को शाम छह बजे तक बहाल नहीं हो सकी। इस कारण लोगों को पूरी रात और दिन भर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं आने से घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए और पानी की टंकियां खाली हो गईं। विद्युत निगम के अवर अभियंता सतीश चंद्र ने कहा कि आंधी में कई स्थानों पर खंभे गिर जाने और पेड़ की टहनियां गिरने से हाईटेंशन लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उनकी मरम्मत कराई जा रही है। संवाद
जैतीपुर क्षेत्र में भी ठप रही बिजली आपूर्ति
जैतीपुर। तेज आंधी के साथ हुई बारिश के दौरान बिजली की कई हाईटेंशन लाइनें क्षतिग्रस्त हो जाने से क्षेत्र में सोमवार शाम से बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। हालांकि, कस्बे में मंगलवार को दोपहर से बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन खेड़ा बझेड़ा, सूरजपुर, मरुआझाला, बंडियाकलां, बिहारीपुर आदि गांवों में शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। इससे लोग परेशान रहे। अवर अभियंता के अनुसार लाइनों के फाॅल्ट ठीक कराए जा रहे हैं। संवाद
शहर में सोमवार रात 12 बजे आई बिजली
शाहजहांपुर। तेज आंधी और बारिश आने के कारण सोमवार को शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रात 12 बजे बहाल कर दी गई। सोमवार की रात तेज हवा चलने से बहादुरगंज, गोविंदगंज, हथौड़ा, अंटा, ककरा समेत सारे उपकेंद्रों को बंद कर दिया गया। हवा बंद होने पर आपूर्ति शुरू की गई। एसई अनुज प्रताप सिंह के अनुसार, रात में 12 बजे आपूर्ति सही हो गई थी। इधर, मंगलवार को भी कई जगह पर बिजली फॉल्ट आने पर लोगों को दुश्वारियों से जूझना पड़ा। संवाद
रोजा में केबल जलने से बिजली गुल
रोजा। हथोड़ा बुजुर्ग गांव में जानकीनगर रोड पर ट्रांसफाॅर्मर में लगी केबल जलने से सोमवार शाम सात बजे से गुल हुई बिजली मंगलवार को दोपहर में 12 बजे आई। इसके चलते करीब 400 घरों को आपूर्ति नहीं मिल सकी। संवाद
कटरा में चार घंटे ठप रही बिजली
मीरानपुर कटरा। हाईवे किनारे 33 केवीए लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। मंगलवार की अपराह्न एक बजे 33 केवीए लाइन में फॉल्ट आ गया। गश्त के दौरान ग्राम वीरमपुर के पास पेड़ की डाल लाइनों पर पड़ी मिलीं। उन्हें हटाकर चार घंटे के बाद आपूर्ति बहाल की गई। एसडीओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आपूर्ति को बहाल कर दिया है। संवाद