दीपावली पर अपने पैतृक गांव में लोगों से मुलाकात करते अभिनेता राजपाल यादव। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। बालीवुड के प्रख्यात अभिनेता गोवर्धन असरानी के आकस्मिक निधन पर हास्य अभिनेता राजपाल यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया। राजपाल ने असरानी के साथ भूल-भुलैया, ढोल और भूत बंगला समेत कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने कहा कि जैसे सभी को गब्बर याद है वैसे ही शोले फिल्म में असरानी द्वारा अभिनीत अंग्रेजों के जमाने का जेलर का किरदार हमेशा जिंदा रहेगा। असरानी का रिप्लेसमेंट सिर्फ असरानी है।
दीपावली के मौके पर पैतृक गांव कुंडरा (बंडा) आए अभिनेता राजपाल यादव ने मंगलवार को पूरे दिन गांव के लोगों और शुभचिंतकाें से मुलाकात की। इस बीच अमर उजाला से फोन पर बातचीत में असरानी के आकस्मिक निधन पर शोक जताया। याद को ताजा करते हुए कहा कि फट्टा टाॅकीज में शोले फिल्म में उनके द्वारा अभिनीत अंग्रेजों के जमाने के जेलर रूपी किरदार आज भी याद है।
उन्हें नहीं पता था कि 20 साल के बाद उनके साथ काम करने का मौका भी मिलेगा। असरानी बेहतरीन अभिनेता थे। बोले-अभी भूतबंगला फिल्म में असरानी के साथ काम किया। 84 साल की उम्र में भी दौड़-भाग करने में वह पीछे नहीं थे। चार से पांच दशक तक उन्होंने अपने प्रत्येक रोल को जीवंत किया। जब तक सिनेमा जिंदा हैं, असरानी भी जिंदा रहेंगे।
राजपाल यादव ने कहा कि असरानी साहब की एक लंबी पारी रही है। उनका सौभाग्य है कि उनके साथ काम करने का मौका मिला। फिल्मों के हर सीन को हिट करने में उनका विशेष योगदान रहा है। उनके के साथ बिताए पल, सीन और टिप्पणियां हमेशा याद रहेंगी।