होली पर घरों और बाजारों में बिजली की डिमांड बढ़ने से पॉवर कारपोरेशन का
शहरी नेटवर्क प्रभावित होने लगा है। बुधवार को देर रात कृष्णानगर इलाके में
रखा 400 केवी का ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के चलते तेज धमाके के साथ आग के
गोले में तब्दील हो गया। हालांकि, बृहस्पतिवार को दोपहर वहां नया
ट्रांसफार्मर लगा दिया गया, लेकिन आसपास के इलाकों में 16 घंटे बिजली
सप्लाई ठप रही।
त्योहारी खरीददारी चरम पर होने से पिछले कई दिनों से
शहर के बाजार देर रात तक ग्राहकों से गुलजार हो रहे। इस वजह से दुकानें देर
तक खुल रहीं हैं। यही नहीं, घरों में साफ-सफाई और मेहमानों केपकवान तैयार
करने में गृहणियां भी आधी रात के बाद तक जुटी रहती हैं। इसलिए घरों में भी
बिजली की खपत बढ़ गई है। इससे बिजली नेटवर्क ओवरलोड होने लगा है। नतीजा यह
हुआ कि बुधवार को रात करीब दस बजे कृष्णानगर कॉलोनी का ट्रांसफॉर्मर बिजली
का अतिरिक्त भार सहन नहीं कर पाने से जल उठा।
जब तक दमकल यूनिट मौके पर
पहुंची, ट्रांसफार्मर जलकर खराब हो चुका था। ट्रांसफार्मर फुंकने से जेल
रोड, अंटा चौराहा, चमकनी, कृष्णानगर, ब्रज विहार कॉलोनी (आंशिक) आदि
क्षेत्रों के सैकड़ों घरों में बिजली संकट बना रहा। इसके अलावा ककरा कलां,
अब्दुल्लागंज, हथौड़ा, रोजा आदि सब स्टेशनों से निकलीं 11 केवी की लाइनों
में ओवरलोडिंग से दिन भर ट्रिपिंग होती रही। इस वजह से खराद मशीनों, ऑटो
वर्कशॉप, आटा चक्कियों आदि का काम ठप रहा।
फाल्ट ठीक करने को स्पेशल टीमें तैनात
‘होली
के मौके पर भरपूर सप्लाई देने और फाल्ट समय से ठीक कराने के लिए शहर में
33 केवी के सभी सात सब स्टेशनों पर तीन-तीन कर्मचारियों की स्पेशल टीमें
लगा दी गई हैं। प्रत्येक टीम में लाइन मैन और उनकी सहायता को दो-दो संविदा
कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। संबंधित कर्मचारियोें को अगले दो-तीन दिन तक
रात में सब स्टेशनों पर कैंप करने के निर्देश दिए हैं।’
-एके शुक्ला, एक्सईएन सिटी, पॉवर कारपोरेशन