जुमा अलविदा की नमाज के दौरान बिजली सप्लाई बनाए रखने को शहरी पॉवर नेटवर्क में काफी सुधार कराए जाने के बावजूद शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज शुरू होने से पहले घूरनतलैया में शाही इमामबाड़ा के पास रखे 250 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इस कारण आसपास के कई मोहल्लों के सैकड़ों परिवारों को करीब सात घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
अब्दुल्लागंज सब स्टेशन से निकली 11 केवी लाइन से जुड़ा घूरनतलैया का ट्रांसफार्मर शुक्रवार को कटौती नहीं होने से सुबह 8.30 बजे तक चालू हालत में रहा। इस दौरान क्षेत्र में बिजली का लोड बढ़ा तो ट्रांसफार्मर की लीडें अंगारों की तरह दहकते हुए चिनगारियां छोड़ने लगीं। आसपास के लोगों ने तत्काल सब स्टेशन का सीयूजी नंबर डायल करके एसएसओ को सूचना दी, लेकिन लाइन बंद होने से पहले ट्रांसफार्मर के केबलों में आग लग गई।
गनीमत यह रही कि आग से ट्रांसफार्मर का चैंबर सुरक्षित रहा। जानकारी पाकर सब स्टेशन के प्रभारी जेई अनुज श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और आग से ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने केबिल ज्वाइंटर और लाइन स्टाफ को जली हुई लीडें बदलने में जुटाया। उस वक्त ट्रांसफार्मर काफी हीटअप हो चुका था। इसलिए दिन मेे तीन बजे तक लीडें बदलने का काम चला। बाद में टेस्टिंग करके शाम चार बजे लाइन चालू की गई। इस दौरान घूरन तलैया, रंगमहला, चारखंभा आंशिक, केरूगंज की खोवा मंडी, बक्सरिया आदि मोहल्लों के लोग बिजली को तरस गए।