कोहरे से वातावरण में छाई नमी के कारण ककरा कलां सब स्टेशन की 11 केवी लाइन में गुरुवार की देर रात शार्ट सर्किट से एक फेस बंद हो गया। इससे आनंदपुरम् और हद्दफ फीडरों से जुड़े सैकड़ों घरों की सप्लाई प्रभावित रही। शुक्रवार को सुबह नौ बजे लाइन फाल्ट ठीक हो सका।
गुरुवार की शाम पांच से सात बजे तक दो घंटे की कटौती के बाद शहर के सब स्टेशनों से सप्लाई चालू होते ही बहादुरगंज, बिजलीपुरा और निगोही रोड पर गदियाना वाले फीडर की लाइनों के जंपर जलने लगे। लाइन स्टाफ ने इन खराबियों को दूर कर सप्लाई जारी रखी लेकिन रात साढ़े 12 बजे कोहरे के कारण पहले आनंदपुरम फीडर की लाइन शार्ट सर्किट से अर्थिंग के शिकंजे में आई। इस फाल्ट को सुधारा भी नहीं जा सका था कि ककरा सब स्टेशन के हद्दफ फीडर की लाइन पर भी अर्थिंग हो गई जिससे वोल्टेज गिर गया।
दोनों लाइनों से जुड़े सिंजई, मदराखेल, अलीजई, लोहारों का चौराहा, आनंदपुरम, आजादपुरम, विवेक विहार, ककरा, हद्दफ, मामुड़ी, बीबीजई, सुभाषनगर, प्रोफेसर कालोनी आदि क्षेत्रों के सैकड़ों घरों में बिजली आपूर्ति लो हो गई। कम वोल्टेज मिलने से घरों में जेट पंप और सब मर्सिबल ही नहीं बल्ब भी मोमबत्ती की तरह जलते रहे।