मतदाताओं को जागरूक करने रैली में उमड़े हजारों छात्र-छात्राएं
डीएम ने गुब्बारे उड़ाकर कलक्ट्रेट से रैली को किया रवाना
गांधी भवन में रंगारंग कार्यक्रमों की बिखरी सतरंगी छटा
वृहस्पतिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अंतर्गत शिक्षा विभाग के तत्वावधान में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह कलक्ट्रेट से विशाल रैली निकाली गई। गांधी भवन में मनमोहक रंगारंग कार्यक्रमों के बीच मतदाताओं को जागरूक किया गया।
कलक्ट्रेट से निकलने वाली जागरूकता रैली में शामिल होने के लिए विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के हजारों छात्र-छात्राएं जुटे। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने सीडीओ टीके शिबू, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सर्वेश कुमार, एडीएम प्रशासन जितेंद्र शर्मा, सीएमओ डॉ. कमल कुमार, डीआईओएस डॉ. केएल वर्मा, बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय आदि के साथ रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर और झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल विद्यार्थी सारे काम छोड़ दो-सबसे पहले वोट दो, जनजन को चेताना है-मतदाताओं को जगाना है, एक वोट का मान करो-मतदाता अपनी पहचान करो आदि नारे लगाते और नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। शहर का भ्रमण करने के बाद रैली का समापन शहीद उद्यान में हुआ।
इसके बाद गांधी भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के साथ कार्यक्रम का हुआ। शुभारंभ डीएम और सीडीओ ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर डीएम ने सभी को मतदान करने और दूसरों को प्रेरित करने के लिए शपथ दिलाई और मतदाता पहचान पत्रों का वितरण किया। डीएम चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रजातांत्रिक व्यवस्था में मतदान करना संवैधानिक अधिकार है और यह राष्ट्रीय कर्तव्य भी है, इसलिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। इसी बीच सीडीओ/प्रभारी अधिकारी कार्मिक शिबू ने जनजागृति अभियान में सराहनीय सहयोग के लिए डीआईओएस और बीएसए समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं की सराहना की।
दोनों आयोजन में खंड शिक्षाधिकारी राजेश चतुर्वेदी, आईपी सिंह, प्रधानाचार्य रणवीर सिंह, डॉ. अमीर सिंह, जिला स्काउट मास्टर निकहत परवीन, जिला गाइड कैप्टन दपिंदर कौर, जिला व्यायाम शिक्षक राम प्रसाद, अर्चना जौहरी, मुदित सेठ, पल्लवी वर्मा, रामकरन राठौर, अजय प्रताप सिंह, विजय कांत, प्रज्ञा मिश्रा, रूफिया खान, अनिल मालवीय, सुखमीत कौर, अंकुर श्रीवास्तव, नक्षत्र वाजपेयी आदि का योगदान रहा।