तिलहर। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके वरिष्ठ अधिवक्ता शिवपाल सिंह और उनकी अधिवक्ता पुत्री पूजा से मारपीट में तीन दिन पहल नामजद किए गए आरोपी मुंशी आदिल की गिरफ्तारी नहीं होने से वकील बेहद नाराज हैं। सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान वकीलों ने पुलिस से खिलाफ नारेबाजी की। बाद में समाधान दिवस में आए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह से मिलकर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
दिन में करीब एक बजे डीएम तहसील के सभागार में जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान नारे लगाते हुए काफी संख्या में वकील उनके सामने पहुंच गए। शोर होता देख डीएम के निर्देश पर सभी को बाहर निकाल दिया गया। बाद में एसडीएम कार्यालय में डीएम ने वकीलों से वार्ता की। वरिष्ठ अधिवक्ता शिवपाल ने उन्हें पूरे घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए बताया कि मोहल्ला उम्मरपुर निवासी आरोपी आदिल उन्हें पहले भी कई बार धमकाकर रंगदारी की मांग कर चुका है।
आरोपी से उन्हें और उनकी पुत्री को जान-माल का खतरा बना हुआ है। वरिष्ठ अधिवक्ता ने डीएम को यह भी बताया कि घटना के बारे में तीन दिन पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन पुलिस लापरवाह बनी हुई है।
डीएम ने पूरे मामले की गंभीरता से सुनवाई करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी जल्द कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिवक्ता शांत होकर लौट गए। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी के निरंतर प्रयास हो रहे हैं।