शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर खेले गए क्रिकेट मुकाबले में केवीएस क्रिकेटर अकादमी ने शाह क्लब को 10 रनों से हरा दिया। रोमांचक मुकाबले में शाह क्लब की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचकर जीत से चूक गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केवीएस अकादमी ने 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 280 रन बनाए। टीम की ओर से आशुतोष रस्तोगी ने 62, अमित वर्मा ने 55 और कामरान आरिफ ने 42 रन बनाए। शाह क्लब की ओर से प्रदीप ने चार, जबकि मयंक कुमार और अमन सक्सेना ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाह क्लब की टीम 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 270 रन ही बना सकी। कप्तान अनुज प्रताप सिंह ने 67 और अभिषेक कनौजिया ने 42 रन बनाए। अमन सक्सेना और अंचल ने 20-20, जबकि मयंक कुमार ने 25 रनों का योगदान दिया। केवीएस अकादमी की ओर से अमित वर्मा ने चार और प्रवीण शुक्ला ने दो विकेट लिए। इस तरह केवीएस अकादमी ने 10 रनों से जीत दर्ज की। कोच अभय सिंह गुर्जर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।