तिलहर की मंडी में धरना प्रदर्शन करते किसान
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। सरकारी धान खरीद केंद्रों पर धांधली और किसानों की समस्याओं को लेकर खेतिहर किसान मजदूर संगठन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी न होने पर तीसरी बार मंडी समिति परिसर में तंबू लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर सिंह चौहान ने बताया कि एक दिसंबर को प्रशासनिक अधिकारियों को समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। 13 दिसंबर को भी मंडी गेट पर धरना शुरू करने के दौरान एसडीएम और पुलिस ने पहुंचकर उन्हें और उनके साथियों को थाने ले जाकर बंद कर दिया था। बताया कि छूटने के बाद 20 दिसंबर को दोबारा मंडी गेट पर धरना शुरू किया, लेकिन इस दौरान नायब तहसीलदार ने तीन दिन का आश्वासन देकर धरना स्थगित करा दिया।
आरोप है कि तीन दिन बाद भी जब 15 सूत्री मांगों में से किसी पर कोई निर्णय नहीं लिया गया, तब 24 दिसंबर को तीसरी बार मंडी परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विश्वकर्मा सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष निगोही सोने सिंह, रत्नेश सिंह, नेत्रपाल सिंह,विश्राम सिंह, वेद पाल सिंह, सोहनपाल सिंह, बनवारी सिंह, मोहन सिंह, राज किशोर सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद