गांव बितौनी में भरी जा रही मंदिर की नींव
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। मंदिर तोड़कर उसका मलबा गायब करने का मामला तूल पकड़ने के बाद आरोपी भट्ठा संचालक ने ईंट, सीमेंट आदि भिजवाकर मंदिर का निर्माण शुरू करा दिया है। मामले में कार्रवाई के नाम पर पुलिस चुप्पी साधे बैठी है।
पुवायां-खुटार हाईवे किनारे गांव बितौनी के पास ब्रह्म देव बाबा का स्थान है। कुछ साल पूर्व गांव के लोगों ने चंदा कर स्थान किनारे एक शिव मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर में शिवलिंग की स्थापना भी की गई थी। गांव के पुलिस चौकीदार मिश्रीलाल यहां पुजारी हैं। स्थान के पीछे भट्ठा संचालक का खेत है। भट्ठा मालिक ने 21 अप्रैल को मंदिर तुड़वा दिया और शिवलिंग के साथ ही मलबे को ट्रालियों में भरकर ले गए थे। 22 अप्रैल को मिश्रीलाल ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 23 अप्रैल को मामला अधिकारियों के पास पहुंचा तो भी पुलिस ने भट्ठा मालिक को बचाते हुए एनसीआर दर्ज कर 23 अप्रैल को ही 107/116 की कार्रवाई कर मामला निपटा दिया।
मामला तूल पकड़ने पर भट्ठा मालिक ने अपने बचाव में मंगलवार से मंदिर का निर्माण शुरू करा दिया। मौके पर काम करने वाले राज मिस्त्री ने बताया कि उनको भट्ठा संचालक ने मंदिर निर्माण के लिए भेजा है। उधर, गांव के लोगों की मांग है कि मंदिर गिराने के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अभी भी मामले में भट्ठा स्वामी को बचाने में लगी है और कोई कार्रवाई नहीं की है।
घटिया सामग्री लगवाई जा रही
पुजारी मिश्रीलाल का आरोप है कि मंदिर के निर्माण में घटिया ईंट और कम सीमेंट लगवाकर दीवार बनवाई जा रही है। इससे भवन के गिरने का खतरा रहेगा। उन्होंने निर्माण गुणवत्तापूर्ण कराने और मंदिर ढहाने वालों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।