खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार के गांव कुंभिया माफी निवासी 40 वर्षीय रमेश चंद्र की बाइक में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
रमेश चंद्र लखीमपुर खीरी के कस्बा भीरा में रिश्तेदार के घर गए थे। शुक्रवार सुबह दस बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान मैलानी-खुटार मार्ग पर जंगल में अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में रमेश चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें खुटार सीएचसी पहुंचाया गया।
डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें शाहजहांपुर मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें शाहजहांपुर लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही रमेश चंद्र की मौत हो गई। घटनास्थल खीरी जनपद के मैलानी थाना क्षेत्र का होने के कारण परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी मैलानी पुलिस को दी। मैलानी पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए लखीमपुर खीरी भेज दिया है। संवाद