खुदागंज (शाहजहांपुर)। एसपी एस. आनंद के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार रात एसओजी और खुदागंज पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस ने पशु चोरी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके पास असलाह बरामद हुए।
एसपी देहात अपर्णा गौतम ने बताया कि रविवार आधी रात के करीब मुखबिर ने कुछ लोगों के गैली तिराहा के पास पशु चोरी करने की योजना बनाने की सूचना दी। इस पर खुदागंज के थाना प्रभारी व एसओजी प्रभारी ने घेराबंदी शुरू की। तभी आरोपियों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लोगों को दबोच लिया। इनमें शाहिद पुत्र छोटे निवासी ग्राम मीरपुर वाहनपुर थाना बीसलपुर पीलीभीत, करीम निवासी ग्राम नयागांव मुबारकपुर कोतवाली देहात हरदोई, मेहंदी हसन पुत्र सरफू निवासी ग्राम रामनगर, इस्लाम पुत्र चांद खां निवासी मोहल्ला ककरा और मुन्ना पुत्र सफी अहमद निवासी तालगांव थाना निगोही हैं। पुलिस के मुताबिक यह गैंग हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, बहराइच, लखीमपुर आदि जनपदों में पशु चोरी की घटना को अंजाम देता है। पशु चोरी करने के बाद पिकअप गाड़ी में लादकर बरेली के ठिरिया स्लाटर हाउस ले जाकर बेच दिए जाते हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास तीन तमंचे और दो चाकू बरामद हुए। शाहिद उर्फ पप्पू के खिलाफ बीसलपुर व पीलीभीत में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सोमवार को कोर्ट के आदेेश पर सभी को जेल भेज दिया गया।