शाहजहांपुर। श्री रामलीला समिति खिरनीबाग की बैठक हनुमतधाम में वित्तमंत्री एवं रामलीला समिति के संरक्षक सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। बताया कि 20 सितंबर को गणेश शोभायात्रा के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा। 21 सितंबर से शाम सात बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा।
बैठक में एजेंडे के अनुसार वर्ष 2024 के आयोजन से संबंधित आय-व्यय को प्रस्तुत किया गया। वित्तमंत्री ने कहा कि इस वर्ष भी रामलीला का मंचन और मेले का आयोजन उल्लासपूर्वक होगा। बच्चों के लिए आकर्षक झूले एवं दुकानों की व्यवस्था की जाएगी।
रामलीला मंचन से एक दिन पहले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े हुए विभिन्न प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा। दो अक्तूबर को विजय दशमी पर्व मनाया जाएगा। रावण और कुंभकरण के पुतलों का दहन होगा। रामलीला का समापन तीन अक्तूबर को राजगद्दी शोभायात्रा से होगा।
चार अक्तूबर को सुबह सात बजे चौक में भरत मिलाप की लीला का मंचन होगा। इसके बाद राम जानकी मंदिर दलेलगंज में पूजन आरती के बाद देवी-देवताओं को भावपूर्ण विदाई दी जाएगी।
फैक्ट्री इस्टेट श्री रामलीला मंचन का पूर्वाभ्यास शुरू
शाहजहांपुर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महानगर की प्रसिद्ध फैक्ट्री इस्टेट श्री रामलीला मंचन-2025 का पूर्वाभ्यास प्रारंभ हो गया है। कलाकारों में बहुत उत्साह दिख रहा है।
सितंबर माह के तीसरे सप्ताह में श्रीरामलीला का मंचन प्रारंभ होगा। इसके लिए कलाकार अभ्यास में जुट गए हैं। अच्छे मंचन के लिए चार से पांच घंटे रोजाना कलाकार अभ्यास कर रहे हैं। श्रीरामलीला मंचन की जिम्मेदारी मंचन अध्यक्ष हरिशंकर, सचिव देवेश दीक्षित व संयुक्त सचिव अमित अवस्थी को सौंपी गई है।
निर्देशन की जिम्मेदारी अंकित सक्सेना व सुहेल मोहम्मद को सौंपी गई है। पूर्व अभ्यास में मंचन सचिव देवेश दीक्षित, संयुक्त सचिव अमित अवस्थी, सुरक्षा पर्यवेक्षक राममोहन अग्निहोत्री, प्रभारी महेंद्र दीक्षित व सभी महिला एवं पुरुष कलाकार उपस्थित रहे। संवाद
फैक्ट्री इस्टेट श्री रामलीला मंचन का पूर्वाभ्यास करते कलाकार। स्रोत: कमेटी