खुटार (शाहजहांपुर)। मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए जा रही कानपुर की महिला को अज्ञात कार से टक्कर लग गई। हादसे में घायल महिला को खुटार सीएचसी पर मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
कानपुर देहात के थाना रसूलपुर के गांव खपरेमऊ निवासी अंगद सिंह अपनी पत्नी राजन देवी (50), नातिन चांदनी, बहनोई सुशील कुमार और भांजी कोमल के साथ मंगलवार को निजी बस से उत्तराखंड केे मां पूर्णागिरि धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। खुटार में पूरनपुर रोड पर बस एक ढाबे पर रुकी।
सड़क पार करते समय राजन देवी कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम न कराने का प्रार्थना पत्र दिया है। यदि तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद