रविवार के दिन कलक्ट्रेट में डीएम ऑफिस के पास लावारिस कार मिलने की वजह से पुलिस में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों से पूछा गया, लेकिन किसी को कार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। दिल्ली में रजिस्टर्ड इस्टीम कार कलक्ट्रेट में छोड़े जाने के कारण लोग तमाम तरह के कयास लगा रहे हैं।
इसकी जानकारी होने पर कचहरी पुलिस चौकी के इंचार्ज इंद्रेश राजपूत मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने कार के गेट का लॉक तुड़वाकर उसे स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई। इस पर उसे खींचकर थाने तक ले जाया गया। इस्टीम कार कलक्ट्रेट में मिलने पर लोगों में अफवाह का बाजार गर्म रहा। इधर, थाना सदर बाजार के इंस्पेक्टर जेपी तिवारी का कहना है कि कार जलालनगर के रहने वाले किसी व्यक्ति की है। खराब होने की वजह से वह कार कलक्ट्रेट में छोड़कर चला गया था। उससे गाड़ी के कागजात मंगाए गए हैं।