खुटार। नगर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी सदाशिव तिवारी ने शनिवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 दिन पूर्व उसे बुखार आ गया था। नगर के गोला रोड स्थित एक झोलाछाप ने उसे ठीक करने का आश्वासन देते हुए ग्लूकोज की बोतल और इंजेक्शन लगा दिए। खाने के लिए दवा भी दी गई। दवा लेकर घर पहुंचने पर उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे फिर झोलाछाप के पास ले गए तो उसने इलाज से मना करते हुए कहीं और ले जाने को कह दिया। पुवायां में इलाज के दौरान वह ठीक हो सका। गलत इलाज के कारण दवा के विपरीत प्रभाव से अभी भी उसकी हालत बहुत बेहतर नहीं है। सदाशिव के अनुसार उक्त झोलाछाप की पत्नी खुटार के सरकारी अस्पताल में संविदा पर नर्स है। इस कारण झोलाछाप को कुछ अधिकारियों का संरक्षण भी प्राप्त है। सदाशिव ने जांच और कार्रवाई की मांग की है।