फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: महिला मित्र पर लगा आभूषण कारीगर की हत्या का आरोप, रिपोर्ट

विज्ञापन
हिमांशु वर्मा का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिंजई के लापता हिमांशु वर्मा (25 ) का शव नदी में मिलने के बाद मां सुमन ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर शिनाख्त की। उन्होंने शरीर पर बने टैटू और अंगूठी देखकर बेटे को पहचाना। इसके बाद बेटे की महिला मित्र पुलकी रस्तोगी, उसके पिता सुनील रस्तोगी के अलावा राजन मिश्रा, जितिन व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण कर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
विज्ञापन


मां सुमन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बेटे हिमांशू व पुलकी रस्तोगी की फेसबुक पर मुलाकात हुई थी। दोनों एक-दूसरे से फोन पर बातचीत करते थे। 12 सितंबर को शुक्रवार की शाम करीब सात बजे बेटा घर पर था। इस दौरान बेटे के मोबाइल पर पुलकी का फोन आया। इसके बाद बेटा पुलकी के घर जाने की बात कहकर घर से चला गया।

रात करीब 11 बजे पुलकी का फोन आया। उसने उनसे बेटे हिमांशु के घर पहुंचने की बात पूछी। जब बेटे के न पहुंचने की बात कही तो उसने फोन काट दिया। इसके बाद से बेटे का कुछ पता नहीं चला। आशंका है कि पुलकी रस्तोगी व उसके पिता सुनील रस्तोगी ने राजन मिश्रा, जितिन व कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर बेटे का अपहरण कर घटना को अंजाम दिया।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि उनके पास पुलकी की ऑडियो रिकार्डिंग मौजूद है। चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्वनि सिंह ने बताया कि मृतक की मां सुमन की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही हैं।



पुलिस पर लापरवाही का आरोप

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 12 सितंबर को गुमशुदगी की गई, लेकिन मामले में कोई तत्परता नहीं दिखाई गई। इसलिए हिमांशु की मां ने सोमवार सुबह एसपी ऑफिस पहुंचकर बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई थी। इसके बाद शाम को ही सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के परासिन स्थित गर्रा नदी में उतराता मिला।



रिकार्डिंग व गायब मोबाइल की पुलिस को तलाश

हिमांशु का गायब मोबाइल घटना का राज खोल सकता है। पुलिस हिमांशु के मोबाइल की तलाश कर रही है। पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया है। उसकी अंतिम लोकेशन के बारे में भी पुलिस पता कर रही है। परिजनों के अनुसार, युवती की 35 मिनट की रिकार्डिंग उनके पास है। परिजनों ने बताया कि जब हिमांशु के बारे में उसकी मां पता लगाने के लिए गई तो युवती के पिता ने हिमांशु पर 220 ग्राम ज्वेलरी गायब करने का आरोप लगा दिया।



झोली फैलाकर मां बोलीं- मेरे जीने का सहारा लौटा दो...

परिजनों ने बताया कि सुमन वर्मा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभी छह माह पूर्व उनके पति की छत से गिरने से मौत हो गई थी। अब उनके इकलौते बेटे हिमांशु की मौत से उनकी आंख के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। देर रात पोस्टमॉर्टम हाउस पर बेटे की पहचान करने के बाद वह थाने पहुंचीं। कोतवाल की गाड़ी के आगे झोली फैलाकर रोते हुए कहा कि उसका बेटा जीने का सहारा था, उसे लौटा दो।



पानी का बहाव नहीं, फिर 40 किलोमीटर दूर कैसे पहुंचा शव

पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि पिछले दिनों गर्रा नदी में आई बाढ़ के दौरान पानी का बहाव काफी तेज था, लेकिन अब जलस्तर काफी कम है। पानी का बहाव तेज नहीं है। ऐसे में हिमांशु का शव 40 किलोमीटर दूर सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में मिलना कुछ समझ में नहीं आ रहा है। फिर 14 सितंबर को उसकी स्कूटी डैम रोड पर मिलना भी संदेह पैदा कर रहा है। ऐसा लग रहा है कि इस कहानी को रचा गया है। हिमांशु को मारकर उसे सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में नदी में डाला गया है।

परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम पुल के पास जो चप्पलें मिलीं थीं, वह भी हिमांशु की नहीं हैं। जिस दिन हिमांशु घर से निकला था, उस समय घर के पास रहने वाला एक युवक भी उसके साथ देखा गया था। जब उससे पूछा गया तो उसने मना कर दिया। इसके बाद आसपास लगे सीसी कैमरे चेक किए, तो युवक हिमांशु के साथ दिख रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें