शाहजहांपुर। उत्तराखंड प्रदेश के देहरादून के थाना क्लेसी-23 टर्नर रोड निवासी आनंद कुमार के बैग का ताला तोड़कर चोर आभूषण व अन्य जरूरी कागजात चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर सहारनपुर जीआरपी में दर्ज मुकदमा यहां ट्रांसफर किया गया है।
आनंद कुमार ने पुलिस को बताया कि 11 नवंबर को जयनगर से अमृतसर जाने वाली सरयू यमुना एक्सप्रेस के एस-2 की सीट नंबर नौ, दस व 11 पर परिवार के साथ सवार थे। उन्हें मुजफ्फरनगर से सहारनपुर जाना था। सफर के दौरान किसी ने उनके बैग का ताला तोड़कर सोने के आभूषण व महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए।
12 नवंबर को सुबह छह बजे उनकी आंख खुली तो बैग से सामान गायब मिला। ट्रेन का दो मिनट का स्टाॅपेज होने के चलते वह शाहजहांपुर स्टेशन पर तहरीर नहीं दे सके। उन्होंने सहारनपुर में तहरीर दी। 20 नवंबर को मामला दर्ज कर यहां ट्रांसफर कर दिया गया है।
इधर, अयोध्या के पूराकलंदर के गांव मलिकपुर निवासी जितेंद्र मौर्या ने जीआरपी चारबाग पर तहरीर देकर 19 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें बताया कि 13 अक्तूबर को दिल्ली से अयोध्या जाने वाली 14206 एक्सप्रेस में एस-5 में सफर कर रहे थे। रास्ते में उनका पर्स चोरी हो गया। इसमें पांच हजार रुपये, डेबिट कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
जीआरपी ने 19 अक्तूबर काे प्राथमिकी दर्ज की। जीआरपी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि केस ट्रांसफर होकर आया हैं। उनकी विवेचना कर कार्रवाई की जाएगी।