जीप ने बाइक-बोलेरो को मारी टक्कर, तीन घायल
कांट रोड पर जमौर गांव के पास शुक्रवार को बेकाबू डग्गामार जीप ने पहले बाइक सवार के टक्कर मारी उसके बाद सामने से आ रही एक बोलेरो में घुस गई। हादसे में बाइक सवार और बोलेरो में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना कांट क्षेत्र के मोहल्ला मड़ईया निवासी 47 वर्षीय रामबहादुर दिन में करीब 11.30 बजे शहर से बाजार करके घर वापस जा रहे थे। कांट रोड पर गांव जमौर के पास कांट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार डग्गामार जीप ने रामबहादुर की बाइक में काफी तेजी से टक्कर मारी जिससे वह उछल कर काफी दूर जाकर गिरे। इसके बाद बेकाबू जीप सामने से आ रही बोलेरो में घुस गई। बोलेरो में सवार सिंचाई विभाग के जेई रामसरन वर्मा और उनका चालक शिवनारायन घायल हो गए। जेई रामसरन वर्मा मिर्जापुर में ढाईघाट पर कन्नौज यूनिट में तैनात हैं। वह मोहल्ला बीबीजई स्थित अपने घर से ढाईघाट जा रहे थे। तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जीप चालक मौके पर अपनी जीप छोड़कर फरार हो गया। घटना की वजह से मौके पर काफी जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।