ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत
शुक्रवार दोपहर कटरा-फर्रूखाबाद स्टेट हाईवे पर बाइक सवार शिक्षक को पीछे से तेज स्पीड आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। वह हेलमेट नहीं पहने थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक को राहगीरों ने एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार खंडहर इलाके के गांव रघुनाथपुर निवासी राजेंद्र पाल का करीब 35 वर्षीय पुत्र अरविंद शर्मा मिर्जापुर क्षेत्र के गांव कौही स्थित प्राथमिक स्कूल में टीचर थे। रोज की तरह स्कूल बंद होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। अपराह्न तीन बजे जब उसकी बाइक कटरा फर्रूखाबाद स्टेट हाईवे पर कारगिल पेट्रोल पंप के समीप थी तभी पीछे से तेज रफतार में आये ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के दौरान अरविंद बाइक समेत उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और सीएचसी पहुंचाए जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
इस बीच सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शाहजहांपुर रोड की ओर भागे ट्रक को पकड़ लिया। हादसे की खबर पाते ही घर में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से बूढ़े माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल है, जबकि उसकी पत्नी मंजू देवी अस्पताल में गश खाकर गिर पड़ीं। मृतक अरविंद के दो बेटी और दो बेटों की कच्ची गृहस्थी है। सबसे बड़ी बेटी गुड्डी अभी मात्र 12 साल की है।