मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। पिछले चार महीने से चहलकदमी कर रही बाघिन ने अब थाना खुदागंज के गांव मुतिया के निकट घनी झाड़ियों में अपना अड्डा बना लिया है। पिछले एक सप्ताह से मुतिया गांव के आसपास बाघिन के पगचिह्न देखे जा रहे हैं। इसके चलते वन विभाग ने गांव नगला इब्राहिम में लगे पिंजड़ों को हटा लिया है। सोमवार को बाघिन ने तीन कुत्तों को मार डाला।
करीब चार माह पहले गांव नगला ब्राहिम में बाघिन के पगचिह्न देखे जाने पर वन विभाग ने कैमरे लगाने के साथ निगरानी शुरू की थी। कई माह तक बाघिन की लोकेशन गांव के इर्द-गिर्द मिली थी, जिस पर वन विभाग ने बाघिन को पकड़ने की कवायद शुरू की। हालांकि इसके बाद बाघिन पिंजड़ों के निकट नहीं गई। इस बीच वन विभाग के अधिकारियों ने बाघिन को ट्रैंकुलाइज किए जाने की अनुमति भी ले ली थी। मगर ट्रैक्युलाइज की नौबत आने से पहले बाघिन ने अपना ठिकाना बदल लिया। अब बाघिन थाना खुदागंज के गांव मुतिया में पिछले एक सप्ताह से घनी झाड़ियों में रह रही है। गांव से सटी देवहा नदी की झाड़ियां काफी घनी होने की वजह से वन विभाग के लोग उनमें घुसने पर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उधर, बाघिन के पुराना ठिकाना बदलने के बाद वन विभाग ने अपने पिंजड़ों भी हटा लिए है। सोमवार को बाघिन ने तीन कुत्तों को मार डाला। नदी किनारे घूम रही बाघिन को पकड़ने के लिए अब वन विभाग को नए सिरे से तैयारी करना पड़ेगी।