अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ी कौशलेंद्र बने ब्रांड अंबेसडर
- फोटो : International divyanga player Kaushlendra became brand ambassador
जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ी कौशलेंद्र क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक करते नजर आएंगे। प्रशासन ने उन्हें चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान का ब्रांड अंबेसडर नियुक्त किया है। जापान और हांगकांग में आयोजित हुई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विकलांग खिलाड़ी कौशलेंद्र सिंह द्वारा तीन स्वर्ण समेत पांच पदक जीतने के बाद भी सरकार की ओर से कोई सुविधा न मिलने के मामले की अमर उजाला द्वारा प्रकाशित खबर का डीएम द्वारा संज्ञान लेने के बाद स्थानीय प्रशासन ने यह पहल की है।
डीएम के निर्देश के बाद शनिवार को एसडीएम एसपी सिंह ने कौशलेंद्र को बुलाकर इस संबंध में पूरी जानकारी हासिल करते हुए उनका नाम यश भारती पुरस्कार के लिए प्रदेश सरकार को भेजने का आश्वासन भी दिया ताकि देश का मान ऊंचा करने वाले कौशलेंद्र को वाजिब सम्मान हासिल हो सके। साथ ही वह खिलाड़ी पेंशन पाने की पात्रता के दायरे में आ सकें। एसडीएम एसपी सिंह ने बताया कि इसके अलावा उन्होंने कौशलेंद्र को मतदाता जागरूकता अभियान के लिए तहसील क्षेत्र का ब्रांड अंबेसडर भी नियुक्त किया है।
एसडीएम के अनुसार इस अभियान से जुड़ने के बाद कौशलेंद्र को क्षेत्र में होने वाली जागरूकता रैलियों में ले जाया जाएगा, इससे न केवल इस अभियान को सफलता मिलेगी, बल्कि क्षेत्र का युवा भी इस खिलाड़ी से रूबरू होकर प्रेरित होगा। मालूम हो कि बीते 14 सितंबर को अमर उजाला द्वारा ‘तीन स्वर्ण पदक जीतने वाले को पेंशन तक नसीब नहीं’ हेडिंग वाली खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।