ऑल इंडिया इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर जिले के बीमा कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इसके साथ ही सदर बाजार स्थित कार्यालय पर आक्रोशित कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करके बीमा उद्योग में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सीमा बढ़ाकर 49 प्रतिशत कर देने संबंधी विधेयक को लोकसभा में पास किए जाने पर विरोध जताया। सोमवार को बीमा के अधिकांश दफ्तरों में कामकाज नहीं हुआ।
सामान्य बीमा और जीवन बीमा के सभी कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान बीमा कर्मी संघ बरेली मंडल के संयुक्त सचिव शमीम आजाद ने कहा कि इस अध्यादेश को लागू कर देश की अर्थव्यवस्था को कारपोरेट जगत और विदेशों को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। यूनिट सचिव विनय श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार बताए कि इस देश विरोधी और जन विरोधी विधेयक से गरीबी कैसे दूर होगी।
प्रदर्शन करने वालों में मुनव्वर अली, शैलेंद्र गुप्ता, अतुल सक्सेना, गंगाप्रसाद, अब्दुल कादिर, अनूप कटियार, जुगल किशोर, नवलकिशोर, हरिकिशोर पाठक, मोहनलाल, जयप्रकाश आदि शामिल रहे।