देवकली। बंडा नगर पंचायत में तैनात आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी के मनमाने तरीके से जेसीबी मशीन का संचालन करने और ड्यूटी के दौरान निजी कार्य में लिप्त पाए जाने पर चेयरमैन मोहम्मद इशहाक ने ठेकेदार को पत्र जारी कर उन्हें सात दिन में निष्कासित करने के निर्देश दिए हैं।
18 मई को नगर पंचायत की जेसीबी मशीन से पटना गांव के एक बाग में खोदाई करने पर मिले भुगतान का कुछ कर्मचारियों ने बंटवारा कर लिया था। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारी और सुपरवाइजर लोगों को पार्सल बांटने का काम करते भी पाए जा चुके हैं।
चेयरमैन के अनुसार जांच में पता चला है कि कुछ कर्मचारी ड्यूटी के दौरान घरों में निजी कार्य करते हैं। रविवार को उन्होंने छुट्टी के दिन कुछ कर्मचारी ऑफिस में काम करते पाए जाने पर गड़बड़ी होने की आशंका जताई थी। चेयरमैन ने बताया कि ठेकेदार को ऐसे सभी कर्मचारी सात दिन में ड्यूटी से बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ठेकेदार की ओर से संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। संवाद