मीरानपुर कटरा में थाने में बैठक में उपस्थित अधिकारी व लोग। संवाद
मीरानपुर कटरा। तहसीलदार जयप्रकाश यादव ने शनिवार को गांव फीलनगर जाकर करबला मैदान का जायजा लिया और वहां मौजूद दोनों पक्षों को यथा स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान सीओ ज्योति यादव और नायब तहसीलदार मनु माथुर ने थाना परिसर में ताजियेदारों के साथ बैठक करके उन्हें ताजिये की ऊंचाई 10 फुट से ज्यादा नहीं रखने का निर्देश दिया।
हर साल मोहर्रम पर नगर का ताजिया जलालाबाद हाईवे के किनारे करबला में दफन किया जाता है। पिछले दिनों करबला वाले स्थान की चहारदीवारी कराने के प्रस्ताव पर गांव के दो पक्षों में विवाद हो गया। तहसीलदार ने मौका मुआयना करके दोनों पक्षों से कोई बदलाव अथवा निर्माण नहीं कराने की हिदायत दी। थाना परिसर में हुई बैठक में प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने गांव फीलनगर समेत आलमपुर, खैरपुर मिल्कीपुर, पिपरी, गढ़िया और लाईखेड़ा के ताजियेदारों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ताजियों के जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएं। बैठक में ग्राम प्रधान के पति विनीत देवल, सत्यपाल सिंह, मतलूब खां, नईम खां, रईस खां, मुबारक अली आदि मौजूद रहे। संवाद