समीक्षा में उपलब्ध खाद भी न पहुंचाने पर डीएम हुए सख्त
समय पर खाद न पहुंचाने पर परिवहन ठेकेदार पर होगा एफआईआर, ठेका निरस्त होगा
जिले में तय लक्ष्य के सापेक्ष जितना खाद पहुंचा है, उनमें से पूरा का पूरा समितियों तक नहीं पहुंचाया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सहकारी समितियों पर उर्वरक प्रेषण की समीक्षा बैठक में यह सच्चाई जानकर डीएम हैरत में रहे। नाराजगी जाहिर करते हुए 15 नवंबर की शाम पांच बजे से पहले हर समिति पर खाद पहुंचाने और उसकी जानकारी मुहैया कराने को कहा। इस काम में लापरवाही बरतने पर परिवहन ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए उसका ठेका निरस्त करने को भी कहा।
बैठक में डीएम ने पाया कि यूरिया, एनपीके, डीएपी आदि में कुल 56507 मीट्रिक टन का लक्ष्य है और 45856 मीट्रिक टन उपलब्ध है। समितियों को मात्र 7767 मीट्रिक टन खाद ही भेजा गया है। वहीं 38089 मीट्रिक टन उर्वरक अभी भी पीसीएफ में रखा हुआ है। सहकारी समितियों के सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक के पीके शुक्ला ने बताया कि उनके विभाग में परिवहन के चेक भेजे जा चुके हैं फिर भी उर्वरक नहीं पहुंचे। डीएम ने उन्हें निर्देश दिए कि वे प्रतिष्ठित प्रेषण की समीक्षा और जानकारी करते रहें। सभी एडीसीओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की समितियों की पूरी जानकारी रखें और राजस्व वसूली भी करायें।
डीएम ने कहा कि इस समय किसानों को गेहूं व अन्य रबी फसल की बुवाई में उर्वरक की अति आवश्यकता हैं। किसानोें को समय से उर्वरक नहीं मिला तो उनकी फसल बुआई प्रभावित होगी। चेताया कि किसानों को यदि परेशानी होगी तो संबंधित विभाग के विरुद्ध कार्रवाई होगी। निर्देश दिया कि किसानों को खाद, बीज, सिंचाई, ऋण सुविधा समय से दी जाए, यह संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। बैठक में जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र सिंह चौधरी, प्रबंधक पीसीएफ विपिन कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।
बुनकरों को मिलेगी सोलर लालटेन
शाहजहांपुर। बुनकर बहू बूढ़ी फंड योजना अंतर्गत पात्र बुनकरों को सोलर लालटेन मिलेगी। इसके लिए डीएम राम गणेश की अध्यक्षता में गठित कमेटी के सदस्यों की शुक्रवार को बैठक हुई। जिले में अब तक 51 बुनकरों के आवेदन पत्र इसके लिए प्राप्त हुए हैं। चयन कमेटी द्वारा पात्र पाये जाने पर सभी बुनकरों को चयनित किया जाएगा। बैठक में सहायक प्रबंधक जिला उद्योग केंद्र एसके तिवारी, सहायक आयुक्त उद्योग हथकरघा पीसी ठाकुर, प्रकाश दुबे, बुनकर प्रतिनिधि वीरेंद्र कुमार, धनपाल, पुत्तुलाल आदि मौजूद थे।